लेह। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन ने उन सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि की घोषणा की है जो अभी भी 6वें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के वेतनमान के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं।
वित्त विभाग लद्दाख द्वारा जारी आदेश के अनुसार महंगाई भत्ते की दर को मौजूदा मूल वेतन के 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है। यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
यह संशोधन भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की तरफ से 22 अप्रैल 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुपालन में किया गया है। बढ़ी हुई महंगाई को देखते हुए इस निर्णय से कर्मचारियों को अतिरिक्त वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि महंगाई भत्ते के भुगतान में यदि राशि का अंश 50 पैसे या उससे अधिक होगा तो उसे अगले पूर्ण रुपये तक बढ़ाकर दिया जाएगा जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।