लेह। भारतीय सेना की शैक्षिक जागरूकता पहल ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ 11 मार्च से 25 मार्च तक योरगो गांव के सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को इंटरएक्टिव शिक्षण और कौशल विकास गतिविधियों के माध्यम से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने आत्मविश्वास बढ़ाने और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए आयोजित विभिन्न सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इन गतिविधियों में ओरिएंटेशन कार्यक्रम, टीम-बिल्डिंग अभ्यास, सार्वजनिक भाषण सत्र, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, डिजिटल साक्षरता कक्षाएं, क्विज और खेल आयोजन शामिल थे।
इस पहल के तहत छात्रों को कॅरिअर काउंसलिंग के अवसर भी प्रदान किए गए। इससे उन्हें विभिन्न पेशेवर विकल्पों के बारे में जानकारी मिली और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिली। आयोजकों ने बताया कि छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी उनके सीखने और आत्म-विकास के प्रति गहरी रुचि को दर्शाती है।
कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें स्थानीय प्रतिभा और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली।