श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने वीरवार को पश्चिम एशिया में तुरंत तनाव कम करने की अपील की। इसमें शामिल सभी पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि दुश्मनी का जारी रहना क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक शांति के लिए एक गंभीर खतरा है। डॉ. फारूक ने उन देशों और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों से अपील की जो बातचीत को बढ़ावा देने में लगे हैं। कहा, वे अपने प्रभाव और कूटनीतिक माध्यमों का पूरी तरह से इस्तेमाल करें और सभी संबंधित पक्षों को आपसी समझ और समझौते की भावना के साथ बातचीत की मेज पर आने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल लगातार बातचीत और रचनात्मक जुड़ाव ही एक स्थायी समाधान की ओर ले जा सकता है, जो मूल मुद्दों को हल करे और क्षेत्र में शांति लाए। डॉ. फारूक ने शांति, न्याय और कूटनीति के प्रति नेशनल कॉन्फ्रेंस की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता को दोहराया।