अनंतनाग। जिला प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में दो पेट्रोल पंपों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई ईंधन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करने के तहत की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कदम निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के बाद उठाया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उपायुक्त डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट ने वीरवार को जनता को आश्वस्त किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सहित आवश्यक ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। डीसी ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मौजूदा ईंधन स्थिति की समीक्षा की और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डॉ. भट ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से घबराने या जमाखोरी करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि उपभोक्ताओं को ईंधन की उपलब्धता सुचारू और बिना किसी परेशानी के मिलती रहे। संवाद