जम्मू संभाग के कठुआ, जम्मू, सांबा, उधमपुर, कटड़ा में भारी बारिश की चेतावनी
नदियों के जलस्तर में हो सकता है इजाफा, पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड का खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में 19 से 23 जुलाई तक जम्मू सहित कश्मीर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, इस दौरान श्रीनगर के दक्षिण क्षेत्र के जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। जम्मू संभाग में भी मध्यम से कई जगह भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के बाद सड़कों पर मलबा, लैंडस्लाइड व नदियों व नालों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। आमजन से इस दौरान घर में रहने व बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया कि रविवार से मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान पूर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।
जम्मू संभाग के जम्मू, कटड़ा, उधमपुर, रियासी, सांबा व कठुआ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं दक्षिण कश्मीर के जिलों अनंतनाग, कुलगाम व शोपियां सहित कई जगह मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद नदियों के जलस्तर में इजाफा हो सकता है जिसके बाद सड़कों पर मलबा, पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड का खतरा हो सकता है।
निदेशक ने बताया कि मौसम बीते दो दिनों में लगातार बदल रहा है। जम्मू में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। दोपहर में उमस के बीच मौसम साफ रहा। शाम होते-होते बादल फिर से छा गए। विभाग ने देर रात या सुबह तक बारिश की संभावना जताई है। कई जगह इस दौरान बिजली कड़कने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग की एडवाइजरी के तहत 21 जुलाई से कश्मीर संभाग के बांदीपोरा, गुलमर्ग, सोनमर्ग, पीरपंजाल में भारी बारिश हो सकती है। पर्यटकों को मौसम विभाग की तरफ से जारी एडवाइजरी के तहत यात्रा का प्लान बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
नदियों में कूड़ा कचरा न फेंकने को लेकर एनजीटी के निर्देश
- बारिश के मौसम में नदियों, झीलों में कूड़ा न फेंका जाए। इसके लिए एनजीटी की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक तौर पर तहसीलदारों को जिम्मेदारी दी गई है। वह ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेंगे जो नदियों व झीलों में कूड़ा डालते हैं। मानसून सीजन होने के कारण नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने व किनारों से कहीं दूर ऊंचे स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट -
जिलों का तापमान
जिला अधिकतम तापमान
जम्मू 35
श्रीनगर 35
गुलमर्ग 25.6
बनिहाल 30.8
बटोत 27.4
कटड़ा 31.8
भद्रवाह 31.5
उधमपुर 33.1
राजोरी 33.2
पुंछ 33
अनंतनाग 30.6
किश्तवाड़ 31.1
डोडा 34.9
शोपियां 33.5
बारामुला 34.1