महबूबा सभा को संबोधित करती हुईं।
- फोटो : baramula news
बारामुला। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने वीरवार को जिले के डाक बंगले में एक दिवसीय सम्मेलन किया। पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने प्रदेश से जुड़े राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हालात गंभीर बने हुए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर धार्मिक संस्थानों में दखल अंदाजी का आरोप लगाया। बेराेजगारी और बिजली की बढ़ती दरों पर चिंता जताई। उमर सरकार पर निशाना साधते हुए महबूबा ने कहा कि भारी जनादेश मिलने के बावजूद सत्ताधारी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई है। कहा कि मुजफ्फराबाद व्यापार मार्ग खुला रहता तो आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता। खासकर फलों के उद्योग को फायदा होता। पर्यटन को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पहलगाम जैसी जगहों के बंद होने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अपील की कि वे क्षेत्र से जुड़े बड़े मुद्दों पर ध्यान दें। सोपोर को जिले और उड़ी को पहाड़ी जिले का दर्जा देने की मांग की। मुजफ्फराबाद सड़क को फिर से खोलने की जरूरत पर भी जोर दिया। सिख समुदाय के लिए एक विशेष पैकेज की अपील की और सरकार से आग्रह किया कि मजदूरों को जमीन के पट्टे (लीज) से जुड़े लाभ भी दें। महबूबा ने कहा कि पीडीपी इस क्षेत्र में भाजपा को चुनौती देने में सक्षम एक प्रमुख पार्टी है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता माैजूद रहे।