अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने एक हालिया रिएक्शन को लेकर काफी चर्चा में हैं। अब्दुल्ला ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वायरल पैरोडी पोस्ट शेयर की है, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम से फर्जी तौर पर जोड़ा गया था। इस पोस्ट पर मुख्यमंत्री ने बेहद मजाकिया और चुटीले अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
इस वायरल हो रही पैरोडी पोस्ट में फर्जी तौर पर डोनाल्ड ट्रंप के हवाले से मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला की जमकर तारीफ की गई है। इस फर्जी पोस्ट में लिखा गया है कि उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर को वापस राज्य का दर्जा दिलाने के लिए एक शेर की तरह लड़ रहे हैं। इतना ही नहीं, पोस्ट में ट्रंप के चिर-परिचित अंदाज की नकल करते हुए आगे लिखा गया है कि आइए राज्य का दर्जा वापस लाएं और जम्मू कश्मीर को फिर से महान बनाएं।
इस वायरल पैरोडी पोस्ट को अपने अकाउंट पर दोबारा शेयर करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सिर्फ दो शब्द 'काश ऐसा होता' लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनके इस संक्षिप्त कैप्शन का सीधा मतलब यह था कि काश यह बात सच होती। मुख्यमंत्री के इस मजाकिया और बेबाक अंदाज को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और उनका यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।