श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने पुलिस स्टेशन ईओडब्ल्यू कश्मीर में दर्ज एक एफआईआर के सिलसिले में जिला बडगाम के बनित बीरवाह में एक घर की तलाशी ली।
प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला जिला उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के गोशबुघ पट्टन में स्थित 14 कनाल और 3 मरले की प्रवासी भूमि से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित है। इसे फर्जी दस्तावेजों, जाली समझौतों और आपराधिक साजिश के जरिए बेचने की कोशिश की गई थी।
जांच के दौरान पाया गया कि पांच आरोपियों ने वास्तविक मालिक की सहमति के बिना इस जमीन को बेचने के बहाने शिकायतकर्ता से करोड़ों रुपये की ठगी की थी। इसी मामले में आगे की जांच के हिस्से के रूप में पुलिस द्वारा यह तलाशी अभियान चलाया गया। धोखाधड़ी मामले में पांच आरोपियों पर मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है।
प्रवक्ता ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा ने आम जनता को सलाह दी है कि वे ऐसे आर्थिक जालसाजों से सतर्क रहें और इस तरह की किसी भी घटना की रिपोर्ट सीधे एसएसपी, ईओडब्ल्यू कश्मीर, क्राइम ब्रांच जेएंडके को दें। इसके अलावा आर्थिक धोखाधड़ी के पीड़ित अपनी शिकायतें आधिकारिक ईमेल आईडी sspeow-kmrjkpolice.gov.in पर भी भेज सकते हैं।