श्रीनगर। पूर्व क्रिकेटर, टेलीविजन हस्ती और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को श्रीनगर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला से उनके आवास पर मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के बाद सिद्धू ने फारूक अब्दुल्ला के राजनीतिक कद की जमकर तारीफ की और उन्हें भारतीय राजनीति का एक बड़ा स्तंभ व कश्मीर की सच्ची धर्मनिरपेक्ष आवाज बताया।
मुलाकात के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करते हुए डॉ. अब्दुल्ला का आभार व्यक्त किया। कहा कि वे फारूक अब्दुल्ला के आवास पर उनसे मिले और कश्मीर यात्रा को सुगम व सुविधाजनक बनाने के लिए उनका धन्यवाद किया। कांग्रेस नेता ने अनुभवी राजनेता फारूक अब्दुल्ला की सराहना करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक मुद्दों पर हमेशा पूरी सच्चाई के साथ अपनी बात रखते हैं।
जम्मू-कश्मीर के भविष्य और विभिन्न समुदायों के बीच संबंधों को लेकर जारी राजनीतिक चर्चाओं के बीच सिद्धू का डॉ. अब्दुल्ला को कश्मीर की जनता की वास्तविक धर्मनिरपेक्ष आवाज बताना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात की काफी चर्चा हो रही है।