श्रीनगर। क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने सरकारी नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगने वाले पर तीन मामले दर्ज किए हैं। आरोपी अब्दुल मजीद मीर कुपवाड़ा जिले के लास्टियाल कलारूस का रहने वाला है।
जांचकर्ताओं ने बताया कि आरोपी ने सरकारी एजेंसियों और जेके बैंक के जाली नियुक्ति पत्र भी तैयार किए और उन्हें पीड़ितों को सौंपे। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल मजीद मीर कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही दो मामले क्राइम ब्रांच कश्मीर की ओर से कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं। आरोपी पर तत्कालीन आरपीसी, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ईओडब्ल्यू ने जनता से आर्थिक धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की अपील की है और ऐसे घोटालों के पीड़ितों को सलाह दी है कि वे इन घटनाओं की रिपोर्ट एसएसपी ईओडब्ल्यू कश्मीर अब्दुल वहीद शाह या एजेंसी के आधिकारिक ईमेल पते के माध्यम से करें।