कुलगाम/बारामुला। पुलिस ने मंगलवार को कुलगाम और बारामुला जिले में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। इसके तहत एनडीपीएस के आरोपी की तरफ से सरकारी जमीन पर बनाई गई अवैध इमारतों पर पीला पंजा चलाया। बारामुला में भी पुलिस ने एक नशा तस्कर की अवैध रूप से बनाई गई संपत्ति को ढहा दिया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुलगाम पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर ड्रेन दौलताबाद गांव में सर्वे नंबर 197 पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुख्यात एनडीपीएस आरोपी जहूर अहमद शेख निवासी ड्रेन की तरफ से सरकारी जमीन पर बनाई गई दो अवैध दुकानों को तोड़ दिया गया। यह आरोपी चार एनडीपीएस मामलों में शामिल है। इसके अलावा, वह पांच अन्य स्थानीय मामलों और पत्थरबाजी से जुड़े मामलों में भी शामिल है।
वहीं एक अन्य कार्रवाई में बारामुला में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक अवैध रूप से बनाए गई गोशाला को गिरा दिया। यह गौशाला सरकारी जमीन पर शौकत अहमद भट निवासी याखमनपोरा पट्टन ने बनाई थी। आरोपी के खिलाफ पुलिस स्टेशन पट्टन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज है।