संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत गांदरबल पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए कुर्ग और तुलमुल्ला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जंगली भांग (कैनाबिस) को नष्ट किया।
यह अभियान राजस्व एवं आबकारी विभाग के सहयोग से डीएसपी डीएआर, डीपीएल गांदरबल की निगरानी में चलाया गया। इस दौरान करीब 25 कनाल सरकारी भूमि पर उगी जंगली भांग की पहचान कर उसे नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका इस्तेमाल अवैध खेती, नशीले पदार्थों के उत्पादन और तस्करी में न हो सके। गांदरबल पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने और विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से बचाने की दिशा में उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।