अनंतनाग। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 रविवार को श्रीनगर, अनंतनाग सहित घाटी के 60 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टाफ, लॉजिस्टिक व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
अनंतनाग में इस परीक्षा में कुल 8488 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा की निगरानी के लिए ऑब्जर्वर, मजिस्ट्रेट, सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, सुपरवाइजर और इनविजिलेटर नियुक्त किए गए थे। प्रशासन ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया गया। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को पूर्व में प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयार किया गया था। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी संबंधित विभागों के सहयोग की सराहना की।