बांदीपोरा। डीसी इंदु कंवल चिब ने बुधवार को नावपोरा, बांदीपोरा में एग्री सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर जम्मू-कश्मीर कॉम्पिटिटिवनेस इम्प्रूवमेंट ऑफ एग्रीकल्चर एंड अलाइड सेक्टर्स प्रोजेक्ट के तहत बागवानी विभाग द्वारा स्थापित किया गया है। इस मौके पर चीफ हॉर्टिकल्चर ऑफिसर, हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर और टेक्निकल ऑफिसर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर चीफ हॉर्टिकल्चर ऑफिसर ने डीसी को एग्री सर्विस सेंटर की कार्यप्रणाली और इसके फायदों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेंटर उद्यमिता का अवसर प्रदान करेगा, साथ ही किसानों को आधुनिक पौध संरक्षण मशीनरी और उपकरण आसानी से और किफायती दाम पर उपलब्ध होंगे। उद्यमी द्वारा संचालित यह एग्री सर्विस सेंटर किसानों को किराए पर विभिन्न पौध संरक्षण मशीनरी और उपकरण उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से मशीनरी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों की लागत कम करना और समय पर व कुशल पौध संरक्षण कार्यों को आसान बनाना है। इस अवसर पर डीसी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेंटर किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी और सेवाओं तक पहुंच में मदद करेंगे, जिससे जिले में कुशल और किफायती खेती को बढ़ावा मिलेगा।