श्रीनगर। श्रीनगर की मोनिसा प्रदेश की पहली ऑफ-रोड कार रेसर बन गई है। मोनिसा ने अपने वरिष्ठ पुरुष समकक्षों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कश्मीर एडवेंचर स्पोर्ट्स के साथ-साथ एडवेंचर टूरिज्म के लिए जाना जाता है और पिछले कुछ सालों से घाटी के युवा एडवेंचर स्पोर्ट्स में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अब घाटी की लड़कियां भी एडवेंचर स्पोर्ट्स में हिस्सा ले रही हैं।
मोनिसा का जन्म श्रीनगर के राजबाग में हुआ है और उनका सपना एक आईएएस अधिकारी बनने का है। उन्होंने कहा, वह बचपन से ही बहुत ऊर्जावान हैं और ड्राइविंग में उनकी दिलचस्पी है। इस वजह से उन्होंने छोटी उम्र से ही पिता और चाचा की मदद से कार चलाना सीखा। मोनिसा ने कहा, माता-पिता ने उसे हर तरह से समर्थन दिया और आज वह कश्मीर की पहली किशोर पेशेवर ऑफ-रोड कार रेसर हैं।
मोनिसा ने बताया कि वह आईएएस परीक्षा की तैयारी के अलावा ऑफ-रोड कार रेसिंग में कुछ अलग करना चाहती हैं। इसलिए उन्होंने ऑफ-रोड कार रेसिंग इवेंट्स में भाग लेना शुरू कर दिया है जो एक किशोर लड़की के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण है। मैं अभी विभिन्न दौड़ में वरिष्ठ पुरुष प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करती हूँ।