जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जाली नोट रैकेट का भंडाफोड़ कर वीरवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी शिनाख्त तौफीक हुसैन ख्वाजा, फारूक अहमद गनी और अब्दुल हमीद गनी के रूप में हुई है। इनके पास से 45 हजार रुपये की नकली मुद्रा बरामद हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, नरबल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान वीरवार को पुलिस ने एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन को बलिहरन सिंहपोरा पट्टन बारामुला निवासी तौफीक हुसैन ख्वाजा चला रहा था। तलाशी के दौरान वाहन से पुलिस ने 45000 रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए।
पूछताछ के दौरान तौफीक ने बताया कि फर्जी नोट छापने की मशीन उसने घर पर लगा रखी है। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली जहां, नकली नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया। इसमें दो प्रिंटर, एक पेपर कटर, बॉन्ड पेपर के दो रिम, एक मोबाइल फोन और दस बांड पेपर भी जब्त किए हैं।