बांदीपोरा। जिला प्रशासन बांदीपोरा ने बुधवार को ''रहबर पहल'' के तहत जिलेभर में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया। मुख्य कार्यक्रम एजीएस बांदीपोरा में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त राजस्व बांदीपोरा और उप मुख्य शिक्षा अधिकारी बांदीपोरा सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, उपस्थिति, सीखने के स्तर (लर्निंग आउटकम) और उनके समग्र विकास एवं कल्याण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस पहल का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने अभिभावकों और शिक्षकों से नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में आने वाली कमियों को दूर करने और उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी। यह जिला स्तरीय पहल बांदीपोरा जिले के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, हाई स्कूलों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक कॉलेजों में एक साथ आयोजित की गई।