श्रीनगर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में आयोजित भारतीय युवा संसद 2026 में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सितंबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित इस राष्ट्रीय मंच पर छात्रों ने युवा नेतृत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय संवाद और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संकाय प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने किया। दल में संस्थान के छात्र अभिराज दास, जानवी शर्मा, लकी, खुशी अरोड़ा, अर्नव पाल, शाश्वत शांडिल्य और मोहम्मद हुसैनी शामिल थे।
500 से अधिक युवा प्रतिनिधियों से किया संवाद : तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान एनआईटी श्रीनगर के छात्रों ने देश के 26 राज्यों से आए 500 से अधिक युवा प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया और अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। इस मंच के माध्यम से प्रतिभागियों को समकालीन मुद्दों पर मंथन करने, विविध दृष्टिकोणों को समझने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं व नागरिक सहभागिता की गहरी समझ विकसित करने का अवसर मिला।