कठुआ। साहित्य अकादमी नई दिल्ली ने राजकीय हाई स्कूल सियारा में ग्रामीण कवियों के लिए विशेष कार्यक्रम ग्रामालोक का आयोजन किया। इस कवि गोष्ठी में मेला राम, ओम प्रकाश, पवन चौहान, राहुल ठाकुर और रवि कुमार ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित मोहन सिंह ने की, जो साहित्य अकादमी के डोगरी सलाहकार बोर्ड के संयोजक भी हैं। उन्होंने साहित्य अकादमी की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि यह देश की एकमात्र संस्था है जो भारत की सभी 24 मान्यता प्राप्त भाषाओं के विकास के लिए कार्यरत है। जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों से आए अन्य प्रतिष्ठित कवियों में शिवदेव सिंह सुशील, ठाकुर खजूर सिंह और रणधीर सिंह रायपुरिया ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह आयोजन ग्रामीण साहित्यकारों को राष्ट्रीय साहित्यिक मंच से जोड़ने और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।