अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। डीजीपी नलिन प्रभात ने बडगाम जिले के शालीगंगा क्षेत्र में स्थापित अस्थायी संचालन बेस का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य इलाके में सुरक्षा बलों की सतर्कता, अस्थायी ठिकानों की कार्यप्रणाली और परिचालन से जुड़ी तैयारियों का मूल्यांकन करना था, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद बनाए रखा जा सके।
गौरतलब है कि इससे पूर्व बुधवार को भी डीजीपी नलिन प्रभात ने अन्य अधिकारियों के साथ पीर पंजाल पर्वत शृंखला के उत्तरी छोर पर स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अस्थाई परिचालन ठिकानों (टीओबी) का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की थी। इस दौरान भी उन्होंने दुर्गम इलाकों में तैनात अधिकारियों और जवानों की ऑपरेशनल तत्परता, तैनाती व्यवस्था, रसद आपूर्ति और सुरक्षा तंत्र का जायजा लिया। स्तरीय दौरे के दौरान डीजीपी के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस के कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बिरदी, डीआईजी सीकेआर राजीव पांडे और एसएसपी बडगाम हरिप्रसाद के के समेत पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।