अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। बादल फटने से पहलगाम में जहां दोनों मुख्य मार्ग बंद हो गए हैं, वहीं बांदीपोरा में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पहलगाम, शोपियां और बांदीपोरा सहित सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य सोमवार शाम से ही जारी हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार सड़क संपर्क बहाल करने के लिए प्रशासन की टीमें और भारी मशीनरी लगातार युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें। पहलगाम घूमने आए कई पर्यटक, जिन्हें आज लौटना था वे सड़क बंद होने के कारण पैदल निकलते दिखाई दिए। प्रशासन ने सोमवार रात से ही राहत एवं बहाली अभियान शुरू कर दिया था, ताकि जल्द से जल्द यातायात सामान्य किया जा सके। सोमवार रात तेज पानी के बहाव ने पुल को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पहलगाम के विधायक अल्ताफ कालू ने बादल फटने से प्रभावित लंगनाई-बाटकोट क्षेत्र का मंगलवार को दौरा कर क्षतिग्रस्त केपी रोड और पुल के मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और चल रहे बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षतिग्रस्त पुल की जल्द से जल्द मरम्मत कर आवागमन बहाल किया जाएगा।