अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। एसीबी ने श्रीनगर के हलका बटमालू के पटवारी के दलाल को रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट (राजस्व रिकॉर्ड का विवरण) जारी करने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि एंटी-करप्शन ब्यूरो को लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि पटवारी सलीम अल्ताफ ने सहयोगी अब्दुल हामिद खान के जरिए शिकायतकर्ता से उसके घर से जुड़े रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने म्यूटेशन (नामांतरण) के सत्यापन के लिए पिता की ओर से रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप था कि पटवारी ने सहयोगी अब्दुल हामिद खान के जरिए पहले 20 हजार रुपये की मांग की थी। 16 हजार रुपये में दस्तावेज देने का सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पांच हजार रुपये की पहली किस्त भी दे दी थी।
सोमवार को रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट जारी करने के बदले 11 हजार रुपये की दूसरी किस्त की मांगी गई। एसीबी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। एसीबी की टीम ने अब्दुल हामिद खान को 11 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की तलाशी लेने पर रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट और मोहम्मद सिद्दीक शेख से संबंधित एक सेल डीड बरामद की गई।