आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर के उपायुक्त मोहम्मद एजाज असद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश बलवाल के साथ 24 वर्षीय तेजाब हमले की पीड़िता के इलाज का जायजा लेने के लिए एसएमएचएस अस्पताल का दौरा किया।
श्रीनगर के वांटपोरा इलाके की उस्मानिया कॉलोनी में 24 वर्षीय तेजाब पीड़ित युवती के परिजनों को जम्मू-कश्मीर सरकार ने गुरुवार को एक लाख रुपये का चेक दिया है। मंगलवार को हुए तेजाब हमले में पीड़िता बुरी तरह से झुलस गई है।
विज्ञापन
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर के उपायुक्त मोहम्मद एजाज असद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश बलवाल के साथ 24 वर्षीय तेजाब हमले की पीड़िता के इलाज का जायजा लेने के लिए एसएमएचएस अस्पताल का दौरा किया। पुलिस उपायुक्त और एसएसपी ने पीड़िता के माता-पिता से बातचीत की और उसके प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की।
उपायुक्त ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में जिला रेड क्रॉस फंड से एक लाख रुपये का चेक सौंपा और स्थानीय प्राधिकरण से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि पीड़िता को सभी बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि डॉक्टर उसकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और उसकी हालत स्थिर है। हमले के बाद से पुलिस ने पीड़िता के कथित पीछा करने वाले समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
तेजाब हमले की पीड़िता के इलाज का सारा खर्च उठाएंगे : बुखारी
जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने कहा कि वह तेजाब पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च वहन करेंगे। बुखारी पीड़िता का हाल जानने एसएमएचएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर परिवार पीड़िता को बाहर के अस्पताल में ले जाना चाहता है तो भी वह सारा खर्च वहन करेंगे। बुखारी ने पीड़िता के परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस तरह के कायरतापूर्ण कृत्य में शामिल आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। ऐसे अपराधी नरमी के पात्र नहीं हैं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की भूमिका की सराहना की। बता दें, श्रीनगर के पुराने शहर में हवल इलाके के पास लड़की पर तेजाब फेंकने की घटना हुई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।