देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर श्रीनगर में 1.60 लाख परिवारों को कड़ी सुरक्षा-प्रोटोकॉल के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) राशन की होम डिलीवरी दी जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट शाहिद चौधरी का कहना है कि श्रीनगर के हर एक परिवार को जरूरी सामान की आपूर्ति की जाएगी।
वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जनता के लिए जरूरी सामान का पर्याप्त स्टॉक है, सब्जियों, दूध और दवाओं की कोई कमी नहीं है। साथ ही जनता से अपील भी की है कि अपने परिवार की सुरक्षा के लिए घरों से बाहर न निकलें और लोगों से दूरी बनाकर रखें।
गौरतलब है कि कोरोना के प्रकोप को देखते हुए मंगलवार रात को प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संबोधन किया, जिसमें उन्होंने 21 दिन का समूचे देश में लॉकडाउन की घोषणा की थी, साथ ही राज्यों को इसे सख्ती से पालन करने की अपील की थी।