राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने किश्तवाड़ के उपायुक्त के अंगरक्षक की राइफल छीनने के मामले में हिजबुल आतंकी तारिक हुसैन गिरी को गिरफ्तार किया है। उसे जम्मू मे एनआई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां उसे पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2019 में उपायुक्त के अंगरक्षक की रायफल छीनने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया। तारिक हुसैन गिरी किश्तवाड़ के पूछाल का रहने वाला है। एनआईए हथियार छीनने की इस घटना की जांच कर रही है। एनआईए ने 2 नवंबर 2019 को जांच को संभाला था। इसके बाद आरोपी तारक हुसैन गिरि को मार्च 2019 के दूसरे सप्ताह में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों ओसामा बिन जावेद और हारून अब्बास वानी को शरण देने और हथियार छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह जमानत पर था।
पुलवामा से तीन दिन पहले भर्ती आतंकी गिरफ्तार
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में वीरवार को सुरक्षा बलों ने तीन दिन पहले भर्ती एक आतंकी को गिरफ्तार किया। वानपोरा के हनीपोरा गांव का विलायत अजीज उर्फ रसिक गत 15 फरवरी को लापता हो गया था। पुलवामा जिला अस्पताल के पास आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर न्यू कॉलोनी व आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। उसके पास से एक पिस्टल व एक ग्रेनेड बरामद किया गया है।