पुलवामा के पारीगाम इलाके में संदिग्ध रेबीज संक्रमित मवेशी के मांस की बिक्री की खबर से दहशत फैल गई जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत टीकाकरण अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने अब तक 108 लोगों का टीकाकरण किया है और मामले की जांच के लिए एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पारीगाम इलाके में संदिग्ध रूप से रेबीज संक्रमित मवेशी के मांस की बिक्री की खबर सामने आने से दहशत फैल गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कई स्थानीय लोगों ने मांस के सेवन या संपर्क के बाद स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर एंटी-रेबीज टीकाकरण और जांच करवाई। स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जारी एडवाइजरी के बाद इलाके में लोगों में चिंता का माहौल बन गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार,अब तक करीब 108 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। वहीं, लोगों को जागरूक करने के लिए मस्जिदों और एंबुलेंस के जरिए भी सूचना प्रसारित की गई। अधिकारियों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मांस की बिक्री और प्रसंस्करण में स्वास्थ्य नियमों का पालन किया गया था या नहीं। डॉक्टरों ने लोगों से घबराने की बजाय समय पर चिकित्सा लेने की सलाह दी है।