विवि अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशानुसार एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि में 2 नवंबर से स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू हो जाएगी, लेकिन स्नातकोत्तर एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू होने की संभावनाएं कम दिख रही हैं। क्योंकि विवि ने स्नातकोत्तर एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर रखी है। उक्त तिथि के बाद ही संबंधित विभागों में प्रवेश शुरू हो पाएंगे। हालांकि विवि का कहना है कि स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर भी कुछ कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।
कोरोना संक्रमण के चलते इस वर्ष शैक्षणिक सत्र देरी से शुरू हो रहा है। इन दिनों गढ़वाल विवि में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हो रहे हैं। प्रथम व द्वितीय वरीयता के आधार पर 30 अक्तूबर तक प्रवेश हो जाएंगे। ऐसे में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं के शुरू होने में कोई दिक्कत नहीं है। असल दिक्कत स्नातकोत्तर, बीएड, एमएड, बीलिब, एलएलबी, बीटेक (लेट्रल इंट्री), बीफार्मा (लेट्रल इंट्री) और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम हैं। उक्त पाठ्यक्रमों में ऑन लाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि विवि ने 30 अक्तूबर नियत की है।
विवि के कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार ने बताया कि यूजीसी के निर्देशानुसार 2 नवंबर से ऑन लाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएगी। बीएससी सहित अन्य कुछ पाठ्यक्रमों के रिजल्ट खुलने शेष रह गए हैं, लेकिन विवि की कोशिश है कि कुछ पीजी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं भी शुरू करा दी जाएं। कक्षाएं संचालित होंगी, इस दौरान प्रवेश भी होते रहेंगे।