संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। पैठकुंडल शलबुग क्षेत्र के निवासियों ने क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण में देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। मंगलवार को लोगों ने अधिकारियों पर पुनर्निर्माण की बार-बार की अपीलों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह सड़क 9 अक्तूबर को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। अधिकारियों और राजनीतिक प्रतिनिधियों से आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं की गई। स्थानीय निवासी जोहर अहमद खांडे ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहे है।
एक अन्य स्थानीय निवासी पारो कामत ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा भी किया और मरम्मत कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने का आश्वासन दिया लेकिन आज तक कुछ नहीं हो सका। इस सड़क के कारण हमारा जीवन नरक जैसी स्थिति में पहुंच गया है जिसके लिए हम न्याय की गुहार लगाते है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के चलते अब वे खुद सड़क की मरम्मत के लिए दान इकट्ठा करने पर विचार कर रहे हैं। वहीं विभाग के अधिकारी का कहना था कि अभी हाल ही में ज्वाइन किया है और क्षेत्र का दौरा भी किया। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग से बात की है। एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। दीर्घकालिक समाधान खोजने के लिए कल साइट निरीक्षण करने की योजना बना रहे हैं।