आग की चपेट में आए मकान बशीर अहमद, फिरदौस अहमद, मोहम्मद इसराइल और इम्तियाज अहमद के थे। घटना में किसी की जान जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास खान और एसएसपी अन्ना लता सिन्हा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और कार्रवाई की निगरानी की।
पांपोर के फ्रस्तबल में बाइक शोरूम आग की चपेट में
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पांपोर स्थित फ्रस्तबल इलाके में देर रात एक बाइक शोरूम में भीषण आग लग गई। आग कोंगपोश मोटर्स के शोरूम में लगी, जिसके बाद दमकल एवं आपातकालीन सेवा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए पांपोर से अतिरिक्त दमकल वाहन और काकापोरा फायर स्टेशन से भी गाड़ियां बुलवाई गईं। इसके अलावा, श्रीनगर कमांड के नौगाम फायर स्टेशन से एक टीम को सहायता के लिए रवाना किया गया।
पुलवामा और श्रीनगर कमांड के तीन फायर स्टेशनों की चार दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और आग पर काबू पाने का अभियान जारी है। शोरूम में आग से हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।