पुलवामा। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पांपोर इलाके के लालपोरा में वीरवार देर शाम आतंकियों से मुठभेड़ शुरू हुई। दो से तीन आतंकियों के घिरे होने की आशंका है। इस दौरान क्रास फायरिंग में गोली लगने से दो नागरिक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालपोरा में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घेरा सख्त होता देख मकान में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। अंधेरा होने की वजह से ऑपरेशन को फिलहाल स्थगित किया गया है, लेकिन सुरक्षा घेरा सख्त रखा गया है ताकि आतंकी मौके का फायदा उठाकर भाग न निकलें।