सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में आतंकियों के एक बड़े षड्यंत्र को विफल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के लिए आतंकियों ने नागदानार के जंगल में हथियार छिपा रखे थे। सुरक्षाबलों ने बुधवार को समय रहते इस ठिकाने को खोज निकाला। इस ठिकाने में आतंकियों ने 1132 कारतूस और साइलेंसर भी छिपा रखा था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस, सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 92वीं बटालियन को नागदानार के घने जंगल में संदिग्ध गतिविधियों और आतंकियों के ठिकाने के पुख्ता इनपुट मिले थे। इसके आधार पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल ने इलाके की घेराबंदी कर एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक भूमिगत गुफा जैसी संरचना मिली। गहन जांच की गई तो ठिकाने से एक एके-47 राइफल व इसके 857 कारतूस, तीन हैंड ग्रेनेड, पीका गन के 192 कारतूस, असाल्ट राइफल की आठ मैगजीन, एक साइलेंसर, पिस्तौल के 83 कारतूस समेत काफी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है।