फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीकेंड गोल्फिंग से स्थानीय पर्यटन अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा : उमर

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीनगर में 'लबैका इनविटेशनल गोल्फ कप 2026': मुख्यमंत्री ने पुरस्कार वितरण समारोह में की शिरकत
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। श्रीनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में शनिवार को आयोजित एक दिवसीय 'लबैका इनविटेशनल गोल्फ कप 2026' के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा, वीकेंड गोल्फिंग से स्थानीय पर्यटन अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। 'लबैका हज एंड उमराह सर्विसेज' द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय गोल्फ कप का प्राथमिक उद्देश्य स्थानीय गोल्फरों, उभरती हुई प्रतिभाओं और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक पेशेवर मंच प्रदान करना था।
विज्ञापन

कश्मीर की सुरम्य वादियों के बीच आयोजित इस टूर्नामेंट में 100 से अधिक गोल्फरों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसमें जम्मू-कश्मीर के स्थानीय पेशेवर गोल्फर, महिला खिलाड़ी और जूनियर गोल्फर शामिल रहे। इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों से आए पेशेवर गोल्फरों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जिससे खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और सौहार्द का शानदार संगम देखने को मिला।
खिलाड़ियों और उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और उत्तरी भारत के अन्य हिस्सों से गोल्फ प्रेमियों में वीकेंड पर गोल्फ खेलने के लिए श्रीनगर आने की रुचि लगातार बढ़ रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल गोल्फ को लोकप्रिय बनाते हैं, बल्कि स्थानीय पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था (टूरिज्म इकोनॉमी) को भी महत्वपूर्ण मजबूती प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवा प्रतिभाओं को तराशने पर बल देते हुए कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को समर्थन देने से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन कर सकेंगे।
विज्ञापन

समारोह में कई प्रमुख हस्तियां रहीं उपस्थित
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, राज्यसभा सांसद गुरविंदर सिंह ओबेरॉय, जादीबल से विधायक तनवीर सादिक, रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स के सचिव हारिस अहमद हांडू और पर्यटन निदेशक कश्मीर सैयद कमर सज्जाद सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति व गोल्फ प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें