फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लेह: लद्दाख में चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Fri, 27 Nov 2026 05:05 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, लेह

सार

लद्दाख में आगामी एलएएचडीसी, पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने घर से वोटिंग और मतगणना की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
विज्ञापन
लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लद्दाख में आगामी एलएएचडीसी, पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने शुक्रवार को चुनावी तैयारियों और मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) के चुनाव चार दिसंबर को होंगे जबकि पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान के बाद मतगणना छह दिसंबर को की जाएगी। शनिवार को हुए पंचायत चुनावों में 70.03 प्रतिशत और नगर निकाय चुनावों में 52.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2019 में केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद लद्दाख में ये पहले स्थानीय निकाय चुनाव हैं।

सिविल सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान की सुविधा और चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए चुनाव ड्यूटी प्रमाणपत्र (ईडीसी) के जरिए मतदान की व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि ईडीसी के माध्यम से मतदान 29 नवंबर को होगा और फॉर्म 13ए के जरिए घर से मतदान 30 नवंबर और एक दिसंबर को कराया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को घर से मतदान तथा ईडीसी की व्यवस्था के बारे में समय रहते जानकारी देने के निर्देश दिए ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे। उन्होंने मतगणना केंद्रों, टेबलों, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को निर्देश दिया कि स्थानीय श्रमिकों को चार दिसंबर को मतदान के लिए छुट्टी दी जाए। साथ ही खराब मौसम की स्थिति में मतदान के दिन सड़कें साफ रखने के लिए बीआरओ को द्रास के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।

मतगणना व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कुंद्रा ने सभी जिलों के उपायुक्तों को मतगणना केंद्रों के विस्तृत लेआउट और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए। इसमें मतगणना कर्मचारियों का प्रशिक्षण, मतगणना प्रक्रिया, केंद्रों की व्यवस्था, बैठने की सुविधा और अन्य जरूरी इंतजाम शामिल होंगे ताकि सभी जिलों में एक समान प्रक्रिया अपनाई जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी को द्रास, कारगिल, संकू और जांस्कर का व्यक्तिगत दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, शाम और संकू के सहायक मतदान केंद्रों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को मतगणना से पहले मॉक ड्रिल कराने और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवालों के समाधान के लिए नोडल केंद्र या हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें