फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू: 'घाटी में बीजेपी ने चलाया ऑपरेशन लोटस, रुहुल्ला को एनसी से बाहर करने में कामयाब रही भाजपा', सलमान सागर

Wed, 04 Nov 2026 05:49 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर

सार

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के इस्तीफे के बाद भाजपा पर कश्मीर में ऑपरेशन लोटस चलाने का आरोप लगाया है। विधायक सलमान सागर ने दावा किया कि भाजपा ने रुहुल्ला को पार्टी से अलग होने के लिए मजबूर किया।
विज्ञापन
सलमान सागर - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर की सियासत में सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफे के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बुधवार को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने कश्मीर में भी अपना 'ऑपरेशन लोटस' सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। एनसी विधायक सलमान सागर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने रुहुल्ला को पार्टी से अलग होने के लिए मजबूर किया।

विज्ञापन
Trending Videos

श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान सागर के साथ बनिहाल के विधायक सज्जाद शाहीन भी मौजूद रहे। सागर ने कहा कि रुहुल्लाह ने एनसी के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था और उनका पार्टी छोड़ना बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि रुहुल्ला अब उन ताकतों के साथ खड़े हो गए हैं, जो पिछले 80-90 वर्षों से नेशनल कॉन्फ्रेंस को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

सलमान सागर ने कहा कि भाजपा पहले जम्मू में देवेंद्र सिंह राणा और सुरजीत सिंह सलाथिया जैसे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने में सफल रही थी और अब कश्मीर घाटी में भी 'ऑपरेशन लोटस' को अंजाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में सांसदों और राजनीतिक दलों को तोड़ने के लिए चलाया जाने वाला यह अभियान अब कश्मीर तक पहुंच गया है।
विज्ञापन

रुहुल्ला के इस्तीफे के पीछे छिपी वजहों पर उठाए सवाल
एनसी विधायक ने रुहुल्ला के इस्तीफे के पीछे किसी बड़ी राजनीतिक वजह होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि रुहुल्ला ने पार्टी से दूरी बनाने के लिए एक बहाना चुना है, जबकि इसके पीछे की असली वजहें समय आने पर सामने आएंगी। सागर ने कहा कि भाजपा के साथ जाने वाला कोई भी नेता जनता की नजरों में अपनी विश्वसनीयता खो देगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर रुहुल्ला की ओर से की गई टिप्पणियों का भी जवाब दिया। सागर ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस इतनी कमजोर नहीं है कि किसी एक नेता के आने या जाने से पार्टी हिल जाए। उन्होंने दावा किया कि 1947 से ही दिल्ली की ओर से एनसी को कमजोर करने की कोशिशें होती रही हैं।

रुहुल्ला ने पार्टी और जनता के साथ किया विश्वासघात: सज्जाद शाहीन
इस दौरान विधायक सज्जाद शाहीन ने भी रुहुल्लाह पर निशाना साधा। उन्होंने रुहुल्ला के बयान और रैली में इस्तेमाल की गई भाषा को निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने न केवल पार्टी, बल्कि अपने मतदाताओं और निर्वाचन क्षेत्र की जनता के साथ भी विश्वासघात किया है।

वहीं, पार्टी के कुछ विधायकों में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नाराजगी के सवाल पर सलमान सागर ने कहा कि पार्टी सभी घटनाक्रम पर नजर रख रही है। उन्होंने दावा किया कि एनसी के सभी विधायक एकजुट हैं और अगले एक-दो दिनों में आपसी मतभेद दूर कर लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों की कोशिशों से पार्टी या सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें