राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर से संबद्ध बेस अस्पताल में बुधवार रात हंगामा हो गया। यहां लोगों ने आईपीडी (इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट) में भर्ती बीमार किशोरी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एक मेल नर्स की पिटाई कर दी। मामला अस्पताल प्रबंधन तक पहुंचने के बाद चिकित्सा अधीक्षक ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस मेें इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
बेस अस्पताल अकसर यहां तैनात कर्मियों के कारण चर्चा में रहता है।
बुधवार रात अस्पताल के एक वार्ड में हंगामा हो गया। यहां मौजूद लोगों ने एक मेल नर्स की पिटाई कर दी। लोगों का आरोप था कि उक्त नर्स ने एक बीमार किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। उनका कहना था कि जब बीमार लोगों की देखभाल के लिए तैनात कर्मचारी ही ऐसी हरकत करेंगे, तो लोगों का विश्वास अस्पताल से उठ जाएगा।
रात में ही इसकी सूचना अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. सुरेश जैन को दी गई। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने चिकित्सा अधीक्षक से मिलकर दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डा. जैन ने बताया कि सभी पक्षों से पूछताछ कर ली गई है। रिपोर्ट तैयार कर प्राचार्य को भेजी जा रही है। इधर, श्रीकोट चौकी के एसआई पीएस बुटोला ने बताया कि चौकी में इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है।