अपने अलग अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाले पूर्व आईजीपी ट्रैफिक बसंत रथ ने ट्विटर पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि अगर उनके साथ कुछ भी अनहोनी होती है तो इसके लिए पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह जिम्मेदार होंगे। वहीं, एक अन्य ट्वीट में उन्होंने भाजपा आलाकमान से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के खिलाफ चुनाव लड़ने की इजाजत मांगी हैं।
बसंत रथ ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर लिखा- 'दोस्तों, अगर मेरी प्रतिष्ठा और सुरक्षा में कुछ भी बुरा होता है, तो आईपीएस अधिकारी दिलबाग सिंह (बलबीर सिंह के पुत्र), जो 31/10.10 से जम्मू-कश्मीर में पुलिस प्रमुख हैं, इसके लिए जिम्मेदार होंगे।'
भाजापा आलाकमान से उमर और मुफ्ती के खिलाफ चुनाव लड़ने की अपील
वहीं, एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा- 'अगर भाजपा आलाकमान मुझे अनुमति दे, तो मैं उमर अब्दुल्ला के खिलाफ चुनाव लड़ूंगा, जो मेरे मुख्यमंत्री रहे, जब मैं जम्मू में पुलिस प्रमुख था और महबूबा मुफ्ती के खिलाफ लड़ूंगा, जो मेरी मुख्यमंत्री रहीं जब मैं जम्मू और कश्मीर में यातायात पुलिस प्रमुख था।'
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए लिखा पत्र
इससे पहले उन्होंने दो बार सोशल मीडिया पर अपना त्यागपत्र पोस्ट कर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति होकर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की चुनावी राजनीति में भाग लेने की बात कही है। उन्होंने यह त्याग पत्र जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता को भेजा है।
सोमवार को बसंत रथ ने ट्विटर पर फिर से जारी किए त्याग पत्र में लिखा है- 'कृपया भारतीय पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए मेरा विनम्र अनुरोध स्वीकार करें। मैं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में चुनावी राजनीति में शामिल होना चाहता हूं।' हालांकि रविवार को पोस्ट किए त्यागपत्र को उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर दिया है।