बारामुला में सील किया प्लांट। संवाद
- प्लांट के धुएं से नाराज लोगों ने जताया था विरोध
इम्पैक्ट का लोगो लगाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। बारामुला प्रशासन ने नौशेरा के गंटमुल्ला इलाके में चल रहे एक बिना इजाजत वाले मैकडम प्लांट को शनिवार को सील कर दिया। इस प्लांट से गंभीर वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य को नुकसान होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
अधिकारियों ने बताया कि बारामुला-उड़ी नेशनल हाईवे पर मौजूद यह प्लांट बिना जरूरी मंजूरी के चल रहा था और पर्यावरण के नियमों का उल्लंघन कर रहा था। यूनिट से घना धुआं निकल रहा था जिससे आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो गई थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई लोगों की सेहत की रक्षा के मकसद से की गई थी और इसके बाद प्लांट को गैर-कानूनी तरीके से चलाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि हम ऐसी किसी भी गतिविधि की इजाजत नहीं देंगे जिससे इंसानी जिंदगी को खतरा हो या पर्यावरण को नुकसान हो। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह प्लांट पिछले कई हफ्तों से नौशेरा, पीरनिया, गंटमुल्ला, पहलीपोरा और आस-पास के इलाकों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया था।
प्लांट से निकलने वाले धुएं के घने गुबार अक्सर दूर-दूर से दिखाई देते थे जिसके विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था और कई बार शिकायतें कीं। अधिकारियों ने कहा कि गैर-कानूनी काम के लिए जवाबदेही तय करने और यह पक्का करने के लिए जांच चल रही है कि यूनिट कानूनी मंजूरी लिए बिना काम फिर से शुरू न करे।