श्रीनगर। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि बैक टू विलेज-3 स्वरोजगार योजना और आर्थिक पैकेज के तहत 10,000 मामले मंजूर कर युवाओं को अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये बांटा गया है। प्रत्येक पंचायत के दो युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उपराज्यपाल ने बताया कि कुल 15309 आवेदन प्राप्त हुए थे। 11000 मामले अकेले पंचायतों से मिले थे।
उन्होंने कहा कि जेएंडके बैंक युवाओं को व्यवसाय स्थापित करने में मदद में अहम भूमिका निभा रहा है। बैंक को 250 करोड़ की राशि जारी की, जिसका वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान चार पी. पीस (शांति), प्रोस्पेरिटी (समृद्धि), प्रोग्रैस (प्रगति) और पीपुल (लोग) पर है। सिन्हा ने कहा कि हम वादे करने में नहीं केवल काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर खुशी हुई कि पूरे यूटी में विकास और समृद्धि का दौर चल रहा है और हम जल्द नई ऊंचाइयों को छुएंगे। यह केंद्र शासित प्रदेश में युवाओं और महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उपराज्यपाल ने कहा कि यह बस अभी एक शुरुआत है। सरकार आकांक्षी युवाओं की मदद के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे अपना उद्यम शुरू करें। उन्होंने कहा कि लालफीताशाही के लिए कोई जगह नहीं है। वह समय खत्म हुआ जब युवाओं को नौकरियों और वित्तीय सहायता के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब वो बातें केवल इतिहास है। उन्होंने कहा कि जम्मू एंड कश्मीर बैंक के कर्मचारी औपचारिकताएं पूरी करने और मंजूरी पत्र प्रदान करने के लिए युवाओं के दरवाजे पर पहुंच रहे हैं।
31 को मेगा युवा सम्मेलन
सिन्हा ने जेएंडके यूटी में 31 अक्तूबर को र्वाईईएस (येस द यूथ एम्पॉवरमेंट सोसाइटी) शीर्षक से मेगा युवा सम्मेलन की घोषणा की जिसमें युवाओं की काउंसलिंग के लिए विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।
त्रि-स्तरीय पंचायती राज सिस्टम पहली बार
उपराज्यपाल ने कहा कि लोकतांत्रिक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए त्रि-स्तरीय पंचायती राज सिस्टम प्रणाली को जम्मू-कश्मीर में पहली बार लागू किया जा रहा है, ताकि लोगों के कल्याण और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर में शांति और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। हमने लगभग एक महीने पहले आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी।
24000 पदों पर भर्ती जल्द
रोजगार सृजन पर उपराज्यपाल ने कहा कि विभिन्न विभागों में 24,000 पदों की पहचान की गई है। भर्ती के लिए पूरे यूटी में 10,000 पद पहले से विज्ञापित हैं, जिन्हें जल्द ही भरा जाएगा।