श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में पुलिस ने शनिवार को हाजिन में गैर स्थानीय नागरिक की हत्या मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिस्टल बरामद करने का दावा किया है।
बांदीपोरा एसएसपी मोहम्मद जाहिद मलिक ने बताया कि बिहार निवासी मजदूर मोहम्मद अमरीज की हत्या के बाद आईपीसी की धारा 302, 120, बी, 201 और यूएपीए की धारा 15, 16, 18, 23 व 39 के तहत पुलिस स्टेशन सुंबल में मामला दर्ज किया गया था। साथ ही एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान वसीम अहमद, यावर अहमद और मुजमिल अहमद सहित कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान तीनों युवकों ने मोहम्मद अमरीज की हत्या का जुर्म कबूल लिया और निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक पिस्तौल को बरामद किया है।