तहसील प्रशासन के सीमांकन के बाद भी खनन कारोबारी सीमा से बाहर खनन करने से बाज नहीं आ रहे है। स्थानीय निवासियों ने सीमा से बाहर खनन किए जाने पर कड़ा आक्रोश जताते हुए तहसील का घेराव करने की चेतावनी दी है।
जल प्रवाह को मोड़ने के लिए टिहरी व पौड़ी जनपद में अलकनंदा नदी पर खनन पट्टे स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन अलकनंदा में ना के बराबर जल प्रवाह होने का फायदा उठाते हुए खनन कारोबारी जमकर सीमा से बाहर खनन कर रहे है।
मीडिया में खबर प्रकाशित होने पर मंगलवार को कीर्तिनगर व श्रीनगर तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने नदी के बीचों-बीच पत्थरों को पीला रंग कर सीमांकन किया।
खनन कारोबारी रंगे हुए पत्थरों को आवश्यकतानुसार इधर-उधर कर सीमा से बाहर खनन कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य डांग प्रकाश बुटोला ने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से खनन कारोबारी सीमा से बाहर खनन कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कीर्तिनगर व श्रीनगर तहसील में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।