श्रीनगर। श्रीनगर के नटिपोरा इलाके के रहने वाले दो युवा घरों से हुए लापता हो गए हैं। परिवार वालों को डर है कि कही वो आतंकवाद में न शामिल न हो गए हों। जानकारी के अनुसार नटिपोरा के इरफान अहमद सोफी पुत्र नजीर अहमद सोफी और बिलाल मंजूर भट पुत्र मंजूर अहमद भट 14 दिसंबर से अपने घर से लापता हैं, जिस दिन आतंकियों ने इलाके में पीडीपी नेता हाजी परवेज के घर पर हमला कर उनके पीएसओ की हत्या की थी।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बिलाल की हाल ही में सगाई हुई थी और वो क्रॉकरी डीलर था, जबकि इरफान एक ऑटो चालक। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बच्चे गत सोमवार से लापता है और उनका कोई आता पता नहीं चल पाया है। परिवार ने पुलिस स्टेशन छानपोरा में उनकी लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है।
वहीं इस बीच परिवार वालों ने उनसे घर वापस आने की अपील की है। इस बीच पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह दोनों की तलाश कर रहे हैं। अभी यह कहना सही नहीं होगा कि वे आतंकवाद में शामिल हो गए हैं। इस बात का अभी कोई सुराग नहीं लगा है।