श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर जोन के आईजीपी वीके विर्दी ने वीरवार को श्रीनगर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम समन्वय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार करना और मौजूदा तैयारियों की समीक्षा करना रहा। इस दौरान बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, ट्रैफिक पुलिस, सीआईडी, आर्म्ड पुलिस, आईआरपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत विभिन्न सुरक्षा और प्रशासनिक इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे।
आईजीपी विर्दी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए अग्रिम और सूक्ष्म स्तर पर योजना बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से लॉजिस्टिक समन्वय, यात्रा मार्गों की सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और स्पष्ट संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां एकीकृत और समन्वित रणनीति के तहत काम करें, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में सुरक्षा तैयारियों के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा भी की गई। आईजीपी ने संयुक्त परिचालन तंत्र को और मजबूत करने तथा सभी एजेंसियों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
दरबार मूव की तैयारियों की भी समीक्षा
आईजीपी वीके विर्दी ने वार्षिक दरबार मूव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों के स्थानांतरण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कर्मियों व सरकारी अभिलेखों के सुचारू आवागमन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।