देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय वायुसेना की तरफ से खारदुंग ला से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, नई दिल्ली तक साइकिल यात्रा आयोजित की जा रही है। रविवार को वायु सेना स्टेशन लेह से एयर कमोडोर पीके श्रीवास्तव ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रियों की टीम में वायु सेना के विभिन्न संरचनाओं के 20 वायु योद्धा शामिल हैं, जिनका नेतृत्व जीपी कैप्टन एपी मेनेजेस कर रहे हैं।
टीम 15 दिनों में 1100 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 15 अगस्त 2022 को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अपनी यात्रा का समापन होगा। स्मारक पर पहुंचने पर वायु योद्धा देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे।
यह अभियान स्कूली बच्चों में देशभक्ति की भावना को भी बढ़ावा देगा, जिनके साथ वे रास्ते में बातचीत करेंगे। वायु योद्धाओं का अभियान दल हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने से पहले चार प्रमुख दर्रों, टैंग लांग ला, नकी ला, बारालाचा ला और लाचुंग ला को पार करेगा और फिर पंजाब के मैदानी इलाकों से नई दिल्ली की ओर बढ़ेगा।