गांव में लाइट न होने से बच्ची ने गवां दी जान वन्यजीव विभाग तैयार करे योजना : इल्तिजा
तेंदुए के हमले में पांच साल की बच्ची की मौत पर पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस गांव में अब तक लाइटें तक नहीं लगाई गई हैं। सरकार की ओर से कोई भी प्रतिनिधि यहां देखने तक नहीं आया। कल एक पांच साल की मासूम बच्ची ने अपनी जान गंवा दी। इल्तिजा मुफ्ती ने सरकार और वन्यजीव विभाग से अपील करते हुए कहा कि वे मौके पर आएं और स्थिति का जायजा लें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए वन्यजीव विभाग को एक व्यापक और प्रभावी योजना तैयार करनी चाहिए।
सोपोर में तेंदुए ने सात भेड़ों को बनाया निशाना, कई घायल
सोपोर के शिवा इलाके में रहने वाले स्थानीय निवासी शौकत अहमद डार की भेड़शाला में वीरवार सुबह तेंदुए ने हमला कर सात भेड़ों को मार दिया जबकि कई घायल हो गईं। तेंदुए की ओर से भेड़ों पर किए गए हमले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई जिसके बाद लोगों ने वन्यजीव विभाग के अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी।