श्रीनगर/अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के वेसु इलाके में कश्मीरी पंडितों ने अपनी कालोनी में धमकी भरे पोस्टर चिपकाए जाने पर शनिवार को रोष जताया है। पोस्टर देखे जाने के बाद बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडितों ने शनिवार को एक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने चिपकाए गए पोस्टरों में किसी तरह की धमकी का जिक्र होने से इंकार किया है। वहीं, विरोध-प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों ने कहा है कि उनको पोस्टर के माध्यम से धमकी दी गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कालोनी से कुछ पोस्टर अवश्य मिले हैं, लेकिन इन पर किसी तरह की धमकी का जिक्र नहीं है। उस पर केवल यही लिखा गया है कि कश्मीर की धरती संतों-फकीरों की है। उसमें कश्मीरी पंडितों को स्थानीय लोगों के साथ मिलजुल कर रहने के लिए कहा गया है।
मौके पर पहुंचे डीसी कुलगाम और रिलीफ कमिश्नर ने भी कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा है कि इस मामले में जो भी आरोपी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक कालोनी में चौबीसों घंटे सुरक्षा रहती है, ऐसे में वहां पोस्टर कैसे लगे इस पर भी सवाल उठता है।