श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (जेकेईडीए) के आला अधिकारियों की वीरवार को एक बैठक हुई। बैठक में रियासत में जल विद्युत परियोजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री फिरोज अहमद खान ने की।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र ने नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रम के तहत राज्य में बिजली की सुविधा का अभाव झेल रहे 36 गांवों और 263 छोटे गांवों में 34,483 सोलर होम लाइटिंग सिस्टम (एचएसएलएस) और 2408 सोलर स्ट्रीट लाइट (एसएसएल) को सैंक्शन किया है। किश्तवाड़ के लिए अतिरिक्त 10 हजार एसएचएलएस को सैंक्शन किया गया है।जेकेईडीए अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से इस साल राज्य में जनरल कैटेगरी के आधार पर 20 हजार एसपीवी होम लाइटिंग सिस्टम सैंक्शन किए जाएंगे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने राज्यमंत्री को बताया कि लेह में 2500 मेगावाट और कारगिल में 5000 मेगावाट के दो सोलर पावर प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। इस काम को जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। मनसबल में स्थित सैनिक स्कूल में 150 किलोवाट एसपीपी, राजौरी में स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी में 100 किलोवाट और कुलगाम जिले में स्थित अस्पताल और दकसुम में स्थित शीप ब्रीडिंग फार्म में पचास किलोवाट के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।