श्रीनगर । उत्तर भारत के कुछ राज्यों की सरकारों ने पंजाबी फिल्म साडा हक के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके विरोध में सिख युवकों ने आज श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया गया। श्रीनगर स्थित प्रेस कालोनी में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान सिख युवकों ने फिल्म के पक्ष में और सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की।
सिख नेताओं ने आरोप लगाया कि सिख समुदाय को अपना पक्ष फिल्म के जरिए जनता के सामने रखने का पूरा अधिकार है, जबकि पंजाब समेत कुछ अन्य राज्यों की सरकारों ने दोगली नीति अपनाते हुए फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। गुस्साए सिख युवकों ने सरकार से फिल्म के प्रदर्शन पर लगाए गए प्रतिबंध को तुरंत हटाने की मांग की। गौरतलब है कि फिल्म का निर्माण वर्ष 1980-90 के दशक के दौरान पंजाब में घटित घटनाओं पर आधारित है। पंजाब और हरियाणा सरकारों के अलावा चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा कानून और व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर इसके प्रदर्शन पर रोक लगा रखी है।