फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: श्रीनगर में चौथे सीआरपीएफ टी-20 क्रिकेट कप का भव्य आगाज

विज्ञापन
श्रीनगर के शेर ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में सीआरपीएफ कप का आगाज। स्रोत आयोजक
विज्ञापन
- शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में 16 टीमों के बीच खेले जाएंगे 31 रोमांचक मुकाबले
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर के युवाओं को खेलों के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को श्रीनगर के ऐतिहासिक शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में चौथे सीआरपीएफ टी-20 क्रिकेट कप-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। जम्मू-कश्मीर जोन सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) संदीप खिरवार ने मुख्य अतिथि के रूप में टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान श्रीनगर सेक्टर के आईजी पवन कुमार शर्मा, कश्मीर ऑप्स सेक्टर के आईजी विनीत बृजलाल सहित सीआरपीएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन, कश्मीर विश्वविद्यालय, टीसीआई मैक्स सीमेंट, उजाला अस्पताल, ले डेलिस और एसके अनमैच्ड बैट कंपनी के गणमान्य व्यक्ति व प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
विज्ञापन

इस दौरान एसडीजी संदीप खिरवार ने कहा कि यह आयोजन खेलों के जरिए कश्मीर के युवाओं के साथ जुड़ने के सीआरपीएफ के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। कश्मीर में क्रिकेट की अपार संभावनाएं हैं और युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखना व उचित अवसर प्रदान करना बेहद जरूरी है। घाटी के सुरक्षा परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी सुरक्षाबल कश्मीर में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।


छह दिन तक चलेंगे मुकाबले, विजेता को मिलेंगे दो लाख रुपये
16 से 21 नवंबर 2026 तक छह दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में 31 मुकाबले खेले जाएंगे। ये मैच शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम (ग्राउंड ए और बी), कश्मीर विश्वविद्यालय (ग्राउंड ए और बी) तथा एसपी कॉलेज श्रीनगर के मैदानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्रॉफी व खेल किट के साथ 2,00,000 रुपये और उपविजेता टीम को 1,75,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। मैचों का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्कोर क्रिकहीरोज ऐप और अपडेट्स 93.5 रेड एफएम पर उपलब्ध हैं।
विज्ञापन



129 टीमों ने कराया था पंजीकरण, जल्द फुटबॉल कप भी होगा
सीआरपीएफ श्रीनगर सेक्टर के जनसंपर्क अधिकारी एवं कमांडेंट छोटे लाल ने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू हुआ सीआरपीएफ कप आज खेल और सामाजिक जुड़ाव का एक प्रमुख माध्यम बन चुका है। इस वर्ष टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड 129 टीमों ने पंजीकरण कराया था जिनमें से पारदर्शी ड्रॉ के माध्यम से 12 टीमों का चयन किया गया। चार टीमों (जेकेसीए व कश्मीर विश्वविद्यालय की एक-एक टीम तथा 2025 के तीसरे संस्करण की विजेता व उपविजेता टीम) को आमंत्रित किया गया है। कश्मीरी युवाओं के लिए जल्द ही तीसरे सीआरपीएफ फुटबॉल कप का भी आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें