एक तरफ कश्मीर में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है, वहीं दूसरी तरफ जम्मू संभाग दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान से अब भी जूझ रहा है। जम्मू शहर के बनतालाब इलाके में 11 अक्तूबर को नाले में बही महिला रुखसाना कौसर का शव एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन के गहन तलाशी अभियान के बाद मंगलवार को बरामद कर लिया।
एसडीआरएफ की डीएसपी अल्बीना मलिक ने बताया कि रुखसाना अपने पति मोहम्मद कलीम को बचाने के प्रयास में तेज बहाव में बह गई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस के संयुक्त तलाशी दल ने उनका शव ढूंढ निकाला।
जम्मू की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में अब भी कीचड़ जमा
जम्मू में बीते रविवार को पिछले 71 वर्षों में सर्वाधिक 185.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस मूसलाधार बारिश के चलते कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर गया और सड़कें व गलियां क्षतिग्रस्त हो गईं। जम्मू शहर की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में अब भी भारी मात्रा में गाद और कीचड़ जमा है।
इतना रहा तापमान
स्थान, अधिकतम, न्यूनतम
श्रीनगर 20.0, 11.2
काजीगुंड 22.2, 9.4
पहलगाम 14.2, 6.8
गुलमर्ग 11.8, 5.4