जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी ने एक बार फिर लोगों की मुसीबतों में इजाफा कर दिया है। रात से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का सिलसिला पूरा दिन रुक रुक कर जारी रहा।
बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर बंद हो गया है। माता वैष्णो देवी की त्रिकुटा पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी से चॉपर ठप रही।
वहीं, मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 24 घंटों के दौरान रियासत में भारी बारिश/बर्फबारी हो सकती है।
रियासत में उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी रविवार रात से ही शुरू हो गई थी। जम्मू के मैदानी इलाकों
में सोमवार सुबह बारिश शुरू हुई।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम, कुपवाड़ा के अलावा जम्मू संभाग के बनी, बनिहाल, बटोत की पहाड़ियों, पत्नीटाप, नत्थाटाप आदि में बर्फबारी हुई।
मौसम के बदले तेवरों से बारिश और बर्फबारी से पहले से ही मुश्किलों को झेल रहे रियासतवासियों की मुसीबतों में इजाफा हो गया। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग फिसलन और कुछ जगह भूस्खलन होने पर शाम छह बजे के करीब बंद कर दिया गया।
हालांकि, शाम तक हाईवे खुला रहा और इस दौरान 3500 के करीब वाहन काजीगुंड से जम्मू की ओर भेजे गए।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार अगर मौसम साफ रहता है तो मंगलवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए वाहन रवाना किए जाएंगे। बारिश और बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट रही और जम्मू का पारा 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।